Himachal Current Affairs [4th Week of January 2021]
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह देश में नंबर वन
हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह को प्रशिक्षण के क्षेत्र में देशभर में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. अतुल फुलझेले ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देशभर के प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षण स्तर का मूल्यांकन परिणाम घोषित किया है, जिसमें इस विद्यालय को वर्ष 2018-19 के लिए कांस्टेबलों को मूलभूत प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए देशभर में प्रथम घोषित किया गया है। इसके लिए इस संस्थान को केंद्र सरकार की ओर से ट्रॉफी और 22 लाख रुपये बतौर इनाम मिलेंगे।
वर्ष 2017-18 के लिए अराजपत्रित अधिकारी ग्रेड-1 को प्रशिक्षण देने के लिए उत्तरी क्षेत्र में प्रथम घोषित किया गया है। इससे पूर्व वर्ष 2015-16 में भी इस संस्थान को आरक्षी मूलभूत प्रशिक्षण के लिए देशभर में अव्वल घोषित किया गया था। डॉ. फुलझेले ने बताया कि यह संस्थान वर्ष 25 जुलाई, 1995 को स्थापित हुआ था और इस वर्ष रजत जयंती मना रहा है।
थुनाग में सिविल जज कोर्ट का किया शुभारंभ
मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थुनाग में श्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एल. नारायण स्वामी की उपस्थिति में सिविल जज-एवं-जेएमआईसी थुनाग न्यायालय का उद्घाटन किया।
सभी जिला मुख्यालयों पर स्थापित होंगे जन संवाद सदन
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज मंडी में जन संवाद कक्ष का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस सुविधा से जन समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर, सुविधाजनक और उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। इस प्री-फैब्रिकेटिड संरचना का निर्माण 117 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिमला में उनके सरकारी आवास और कार्यालय में प्रदेशभर से आने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था क्योंकि दोनों स्थानों पर उनके बैठने के लिए न तो उपयुक्त स्थान था और न ही कोई सुविधा। लोगों को गलियारे में खड़ा रहना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही इस समस्या के समाधान के लिए दोनों स्थानों पर जन संवाद सदनों का निर्माण किया। अब इन दोनों स्थानों पर बैठने की पर्याप्त सुविधा है और अब लोगों को उनकी शिकायतों के निवारण के लिए खड़े नहीं रहना पड़ता है। इन जन संवाद सदनों में बैठने की उचित व्यवस्था के अलावा टीवी, जल, हीटिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गईं हैं। जन सुविधा के लिए शेष सभी जिला मुख्यालयों पर भी इस प्रकार के सदनों का निर्माण करने के प्रयास किए जाएंगे।
बर्फानी तेंदुए व इसका शिकार बनने वाले जानवरों का मूल्यांकन करने वाला पहला राज्य बना हिमाचल
हिमाचल बर्फानी तेंदुए व इसके शिकार बनने वाले जानवरों का मूल्यांकन करने वाला पहला राज्य बन गया है। राज्य वन विभाग के वन्यप्राणी प्रभाग ने प्रकृति संरक्षण फाउंडेशन बेंगलुरू के सहयोग से राज्य में बर्फानी तेंदुए की आबादी का आकलन पूरा किया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के स्नो लैपर्ड पोपुलेशन असैसमेन्ट इन इण्डिया के प्रोटोकोल के आधार पर बर्फानी तेंदुए का इस प्रकार का आंकलन करने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य बन गया है। बर्फानी तेंदुआ हिमाचल प्रदेश का राज्य पशु है इसलिए प्रदेश के लिए इस आकलन का विशेष महत्व है। हिमाचल में बर्फानी तेन्दुए की अनुमानित आबादी 73 है।
प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी अर्चना शर्मा जी ने कहा कि हिम तेंदुए का घनत्व 0.08 से 0.37 प्रति सौ वर्ग किलोमीटर है। स्पीति, पिन घाटी और ऊपरी किन्नौर के हिमालयी क्षेत्रों में बर्फानी तेन्दुए और उसके शिकार जानवरों आइबैक्स और भरल का घनत्व सबसे अधिक पाया गया। सभी दस स्थलों- भागा, हिम, चंद्र, भरमौर, कुल्लू, मियार, पिन, बसपा, ताबो और हंगलंग में हिम तेंदुए का पता चला।
पांच पुलिस कर्मियों को राष्ट्रपति मेडल
गणतंत्र दिवस के मौके पर हिमाचल प्रदेश के पांच पुलिस अधिकारियों, कर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस मेडल मिला है। इसकी घोषणा गृह मंत्रालय ने की है। इनमें एडीजीपी रैंक के एक अधिकारी, एसपी रैंक के दो और दो अन्य पुलिस कर्मी ऑनरेरी हेड कांस्टेबल व सब इंस्पेक्टर रैंंक के हैं। इन अधिकारियों, कर्मियों में एडीजीपी सीआइडी एन वेणुगोपाल, विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो, शिमला के एसपी ओमापति जम्वाल, एसपी वेल्फेयर भगत सिंह ठाकुर, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर यानी पीटीसी डरोह में कार्यरत सतपाल, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन जुंगा में कार्यरत राजिंद्र कुमार शामिल हैं।
हिमाचल के करतार पारस राम सिंह को पद्म श्री सम्मान
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से संबंध रखने वाले करतार पारस राम सिंह को पद्म श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। करतार पारस राम सिंह बैंबू आर्टिस्ट हैं। वे वांस का प्रयोग कर कलाकृतियां बनाते हैं। अधिकांश कलाकृतियां उन्होंने शीशे की बोतल के अंदर बनाई , जिसमें से भगवान शिव परिवार, राधा कृष्ण ,अब्दुल कलाम, साईं बाबा सहित दुनिया की कई दारोहरों की कृतियां बनाई है।
भारत नवाचार सूचकांक -2020 में हिमाचल को शीर्ष स्थान
भारत नवाचार सूचकांक -2020 में उत्तरी-पूर्वी पहाड़ी राज्यों में हिमाचल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। निति आयोग द्वारा जारी किए भारत नवाचार सूचकांक -2020 में उत्तरी -पूर्वी पहाड़ी राज्यों में हिमाचल को शीर्ष स्थान मिला है। यह सूचकांक प्रदेशों की क्षमताओं और प्रदर्शन को दर्शाता है।
पालमपुर में हिमाचल की पहली किसान गैलरी
हिमाचल की पहली कृषक दीर्घा प्रदेश कृषि विवि परिसर में स्थापित की गई है। प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय ने किसान गैलरी के माध्यम से प्रगतिशील किसानों के फोटोग्राफ अपने परिसर में प्रदर्शित किये है। पहले चरण में प्रदेश भर के 32 किसानों के फोटो यहां लगाए गए हैं, जिन्होंने अपने कार्य के बूते बड़े स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. एचके चौधरी ने कांगड़ा के शाहपुर के सिहोलपुरी क्षेत्र की किसान सुमन लता को किसान गैलरी के उद्घाटन का मौका दिया।
अन्य :-
- मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश का पहला ऑनलाइन युवा रेडियो स्टेशन “रेडियो हिल्स -यंगिस्तान का दिल ” को लांच किया। ऑनलाइन रेडियो के संस्थापक दीपिका और सौरभ ने वताया कि ऑनलाइन रेडियो एंड्रायड के अलावा एप्पल फोन पर भी उपलब्ध होगा।
- हिमाचल प्रदेश में 22वां जनमंच कार्यक्रम का आयोजन 30 जनवरी 2021 को किया गया।
- हिमाचल प्रदेश सरकार के वन,युवा सेवाएं खेल मंत्री राकेश पठानिया को हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष बनाया गया।
- एशिया की सबसे लम्बी 14.83 किमी जोजिला ट्रैफिक टनल का निर्माण कर रही राष्ट्रिय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम ने अटल टनल के उत्तरी छोर में गणतंत्र दिवस पर पहली बार तिरंगा फहराया।
Himachal Current Affairs [4th Week of January 2021]
Read Also : More HP Current Affairs in Hindi
- HPU Shimla All Latest Notifications – July 2026
- HP Health Department Recruitment 2026: Apply Now for Staff Nurse (Job Trainee) Posts
- Daily Current Affairs : 20 July, 2026 (National And International)
- HP Jal Shakti Vibhag Division Jagatkhana Para Pump Operator, Para Fitter & Multipurpose Worker Recruitment 2026
- HP Police Constable Physical Test 2026: Complete Guide for Male & Female Candidates (PST & PET)
Leave a Comment